अमेरिका अवैध प्रवासियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। एक बार फिर इसी सिलसिले में अमेरिका का दूसरा सैन्य विमान शनिवार (16 फरवरी, 2025) को 116 प्रवासी भारतीयों को लेकर अमृतसर हवाई अड्डे पर लैंड किया। 116 लोगों में 67 पंजाब और 33 हरियाणा से हैं। आठ गुजरात, तीन उत्तर प्रदेश, दो-दो, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान से और एक-एक हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से हैं। इस बार महिलाओं-बच्चों को छोड़कर सभी पुरुषों को हथकड़ियां लगाकर लाया गया ।
कैबिनेट मंत्री ने की मुलाकात
करीब 5 घंटे की वैरिफिकेशन के बाद पुलिस की गाड़ियों में सभी को घर छोड़ा गया। वहीं अमरीका से डिपोर्ट होकर आए लोगों से पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने मुलाकात की।
पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया
आपको बता दें कि पुलिस ने डिपोर्ट किए गए लोगों में से संदीप और प्रदीप नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये दोनों राजपुरा में 175/23 एफआईआर के तहत एक हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। इसी बीच डिपोर्ट किए गए लोगों का अमेरिका से आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया, जिसके बाद पटियाला पुलिस ने दोनों को अपनी हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
5 फरवरी को लौटे थे 104 भारतीय
गौरतलब है कि पांच फरवरी को 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा था। इनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से थे, जबकि 30 पंजाब से थे। सूत्रों के अनुसार तीसरा बैच आज (16 फरवरी) रात 10 बजे आएगा। इसमें 157 अप्रवासी भारतीय हाेंगे।
अमेरिका में 1700 अवैध अप्रवासी भारतीय हिरासत में
राष्ट्रपति बनते ही ट्रंप ने 11 दिन के अंदर ही 25 हजार से ज्यादा अवैध अप्रवासियों को हिरासत में ले लिया गया। ट्रंप की टीम ने इसके लिए अमेरिका के 12 राज्यों में छापेमारी की थी। जिसके बाद गैर कानूनी तौर पर रहे लोगों को पकड़ कर डिपोर्ट करने के लिए भेजा जा रहा है। इनमें 1700 अवैध अप्रवासी भारतीय भी शामिल हैं।
अवैध अप्रवासियों पर पीएम मोदी ने कही यह बात
अमेरिकी दौरे पर गए पीएम मोदी ने अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर कहा कि जो लोग अवैध रूप से दूसरे देशों में रहते हैं, उन्हें वहां रहने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। हमने हमेशा कहा है कि जो लोग भारत के नागरिक हैं और अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे हैं, उन्हें वापस लाने के लिए तैयार हैं।