अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों का तीसरा जत्था 16 फरवरी को रात 10 बजे अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा। अमेरिकी वायुसेना के सी-17ए ग्लोबमास्टर विमान में सवार होकर 112 लोग यहां पहुंचे हैं। इनमें हरियाणा के 44 और पंजाब के 33 लोग शामिल है। वहीं, शनिवार रात को भी एक अमेरिकी विमान 116 भारतीयों का दूसरा बैच लेकर अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा था।
5 फरवरी को लौटे थे 104 भारतीय
गौरतलब है कि पांच फरवरी को 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक अमेरिकी सैन्य विमान अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा था। इनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से थे, जबकि 30 पंजाब से थे। सूत्रों के अनुसार तीसरा बैच आज (16 फरवरी) रात 10 बजे आएगा। इसमें 157 अप्रवासी भारतीय हाेंगे।
अमेरिका में 1700 अवैध अप्रवासी भारतीय हिरासत में
राष्ट्रपति बनते ही ट्रंप ने 11 दिन के अंदर ही 25 हजार से ज्यादा अवैध अप्रवासियों को हिरासत में ले लिया गया। ट्रंप की टीम ने इसके लिए अमेरिका के 12 राज्यों में छापेमारी की थी। जिसके बाद गैर कानूनी तौर पर रहे लोगों को पकड़ कर डिपोर्ट करने के लिए भेजा जा रहा है। इनमें 1700 अवैध अप्रवासी भारतीय भी शामिल हैं।
अवैध अप्रवासियों पर पीएम मोदी ने कही यह बात
अमेरिकी दौरे पर गए पीएम मोदी ने अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर कहा कि जो लोग अवैध रूप से दूसरे देशों में रहते हैं, उन्हें वहां रहने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। हमने हमेशा कहा है कि जो लोग भारत के नागरिक हैं और अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे हैं, उन्हें वापस लाने के लिए तैयार हैं।