ख़बरिस्तान नेटवर्क : चंडीगढ़ शहर के निवासियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। नगर निगम आज से पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने जा रहा है। पानी की बर्बादी पर नगर निगम सोमवार से नोटिस जारी करने के साथ-साथ जुर्माना वसूलने का काम करेगा। इस दौरान अगर कहीं पानी बर्बादी होती है तो 5788 रुपये का जुर्माना देना होगा। नगर निगम ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है।
पानी की बर्बादी करने वालों पर भारी जुर्माना
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ नगर निगम ने इस गर्मी के मौसम में पीने के पानी को बचाने के लिए एक योजना बनाई है, जिसके तहत आज यानी 7 अप्रैल से पानी की बर्बादी करने पर जुर्माना लागू हो जाएगा। नियमों के तहत पानी की बर्बादी करने वालों पर 5788 रुपये का भारी जुर्माना किया जाएगा। यही नहीं नोटिस जारी करने के साथ उसकी पानी की सप्लाई भी पूरी तरह बंद की जा सकती है।
निगम ने शहर के लोगों को सलाह दी है कि, वह पानी की बर्बादी से संबन्धित सभी खामियों को समय रहते ठीक कर लें। इसके अलावा वह खुद भी किसी तरह से पानी को बर्बाद करने से बचें और पानी को फिजूल में न बहायें।
पिछले साल 365 चालान और 9 कनेक्शन काटे
बता दे कि पिछले साल 15 अप्रैल से 30 जून के बीच बड़ा अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान अलग अलग टीमों ने कुल 2267 नोटिस, 365 चालान और 9 कनेक्शन काटे थे। चालान काटने के लिए नगर निगम ने 18 एसडीई की टीम बनाई थी जो शहर के सभी सेक्टर, गांव और कॉलोनियों में सुबह 5.30 से 8.30 बजे के बीच चालान काटते थे।