लुधियाना में एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार घटना देर शाम डेहलों रोड बी-मेक्स के नजदीक हुई। जब दोनों पति-पत्नी डिनर करके घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 5-6 बदमाशों ने हमला कर दिया, जिसमें व्यापारी की पत्नी की मौत हो गई।
रेस्टोरेंट से खाना खाकर घर लौट रहे थे पति-पत्नी
मृतक महिला की पहचान 32 साल की लिप्सी के रूप में हुई है , लिप्सी के दो बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों पति-पत्नी मालेरकोटला रोड पर पोहिर स्थित एक रेस्टोरेंट से खाना खाकर घर लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में कुछ लुटेरों ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें अनोक मित्तल बेहोश हो गए।
धारदार हथियारों से किया हमला
इस दौरान बदमाशों ने महिला की भी पिटाई कर दी। हमलावरों ने महिला पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया और कार, आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन लेकर घटनास्थल से फरार हो गए। खून से लथपथ महिला करीब एक घंटे तक दर्द से तड़पती रही, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की।
जांच में जुटी पुलिस
कुछ देर बाद एक ढाबा मालिक ने महिला की चीखें सुनीं और पुलिस को सूचना दी। पुलिस करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची।जिसके बाद महिला को तुरंत डीएमसी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। अनोक मित्तल एक बैटरी व्यापारी है। फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।