पंजाब और हरियाणा में इस बार बैसाखी के मौके पर बारिश हो सकती है। दरअसल, इस बार पंजाब में दो बार वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर देखने को मिलने वाला है। पहला वेस्टर्न डिस्टरबेंस आज एक्टिव हुआ है। जिसके कारण पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दूसरा वेस्टर्न डिस्टरबेंस 13 अप्रैल को पंजाब से टकराएगा।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के निदेशक A.K सिंह ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि 13 अप्रैल से 15 अप्रैल तक पंजाब में बारिश होगी। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। तूफ़ान के साथ बिजली भी चमकेगी। इसके अलावा 10 और 11 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होगी।
आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। वहीं मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी फिलहाल लू चलने की कोई संभावना नहीं है। वहीं दिल्ली में 13 और 14 अप्रैल को बादल गरजने के साथ-साथ हल्की बारिश की भी संभावना है।
वहीं, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बरसात का दौर 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में 13 और 14 अप्रैल को बर्फबारी हो सकती है।