पंजाब में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। रात से ही कई इलाकों में बारिश हो रही है। जिससे ठंड बढ़ गई। आज भी कई जगहों पर बारिश की संभावना है, लेकिन गुरदासपुर जिले में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूरे राज्य में कोई अन्य अलर्ट जारी नहीं किया गया है। राज्य के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही कई जिलों में ठंडी हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टर्बन्स सक्रिय हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चार फरवरी से सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बन्स का असर पंजाब में देखने को नहीं मिला है।
पिछले 24 घंटों में पठानकोट और मोगा में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। पंजाब में जनवरी महीने में 59 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। इस महीने अब तक दो वेस्टर्न डिस्टर्बन्स सक्रिय हो चुके हैं, लेकिन इनका असर पंजाब में नहीं देखा गया है। अब 8 फरवरी से पंजाब में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बन्स सक्रिय हो रहा है।
पहाड़ी इलाकों में भी दिखेगा असर
उम्मीद है कि इसका असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी दिखेगा। जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।