देश का सबसे महंगा लाडोवाल टोल प्लाजा आज 10वें दिन भी फ्री रहा। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता पिछले 10 दिनों से रेट में की गई बढ़ोतरी को वापस लेने के लिए टोल प्लाजा पर धरना देकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
भारतीय किसान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष दिलबाग सिंह गिल ने जानकारी देते हुए बताया कि आज धरना देते हुए उन्हे 10 दिन हो गए है, लेकिन अभी तक नेशनल हाईवे अथॉरिटी का कोई भी कर्मचारी उनसे बात करने नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि 30 जून को टोल प्लाजा स्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा।
NHAI को करोड़ों का नुकसान
लाखों से ज्यादा गाड़ियां बिना टोल टैक्स के गुजर रही हैं। NHAI को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। प्रदर्शनकारी किसानों के आगे NHAI बेबस नजर आ रही है। कोई भी अधिकारी किसानों से बात करने नहीं आ रहा है।
किसानों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही
किसान अपनी मांग पर अड़े हैं कि टोल प्रति वाहन 150 रुपये होना चाहिए, लेकिन NHAI के अधिकारी किसानों की मांगों को नजरअंदाज कर रहे हैं। इसके कारण लाडोवाल टोल प्लाजा पर किसानों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। किसान नेताओं का कहना है कि सरकार को खुद सोचना चाहिए कि आम आदमी इतना महंगा टोल कैसे चुका सकता है। टोल प्लाजा की कीमतें बढ़ाने के लिए जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि भी आज जनता के पक्ष में खड़े नहीं हैं।