UP के अयोध्या में सुहागरात के दिन दुल्हन और दूल्हे की मौत हो गई। एक तरफ पत्नी का शव कमरे में बेड पर था, तो दूसरी और पति पंखे पर लटका पाया गया। मामला कैंट के सहादतगंज मुरावन टोला का है।
सुबह दरवाजा खटखटाने के बाद जब कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला तो घरवालों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए। दूल्हे को फंदे से उतारा और दोनों को अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
रिसेप्शन के दिन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी के मुताबिक, 7 मार्च को दूल्हा प्रदीप की शादी हुई थी। शनिवार सुबह दुल्हन विदा होकर घर आई थी। रविवार यानी आज रिसेप्शन था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। लेकिन सुबह जब इस घटना का पता लगा तो सभी को सदमा लग गया।
लड़की के पिता ने बताया- शनिवार सुबह 11 बजे बारात को विदा किया गया। सभी बाराती और दूल्हा-दुल्हन खुश थे। बारात विदा होकर जब यहां आई, तो 4-5 घंटे में क्या हुआ, यह पता नहीं है।
भाई ने ऐसा क्यों किया इसकी जानकारी नहीं
बता दें कि दूल्हे का नाम प्रदीप है। दुल्हन शिवानी डीली सरैया की रहने वाली थी। बेटे और बहू की मौत पर मां रो रो कर बेसुध हो चुकी हैं । दूल्हे के भाई दीपक कुमार का कहना है- मैं मंडी सब्जी लेने गया था। घरवालों ने फोन कर घटना की सूचना दी। दरवाजा तोड़ा तो अंदर शव लटका हुआ था। भाई ने ऐसा क्यों किया? इसकी कोई जानकारी नहीं है।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद परिजनों से मिलने पहुंचे
पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक टीम ने सैंपल लिए हैं। कमरा अंदर से बंद था ऐसे में मामला सुसाइड का लग रहा है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद वजह साफ होगी। वहीं दूसरी और सपा सांसद अवधेश प्रसाद भी दूल्हे के घर पहुंचे। उन्होंने इस घटना पर शोख जताया और कहा: पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।