खबरिस्तान नेटवर्क: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार लगातार एक्शन मोड में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में एक के बाद लगातार एक फैसले लिए जा रहे हैं। सरकार ने भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को अपने देश से वापिस जाने के लिए 48 घंटे का समय दिया था लेकिन अब इसकी मियाद पूरी हो गई है। इसके बाद केंद्र सरकार ने अटारी-वाघा बॉर्डर से पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी जारी रखने के निर्देश भी दे दिए हैं। यह आदेश अगले निर्देश तक लागू रहेंगे। आपको बता दें पहले 30 अप्रैल तक समय सीमा तय की गई थी।
786 पाकिस्तानी नागरिक छोड़ चुके हैं अटारी-वाघा सीमा बॉर्डर
पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सरकार के द्वारा जारी किए गए आदेश के बाद पिछले 6 दिनों में 55 राजनयिकों उनके आश्रितों और सहायक कर्मचारियों सहित 786 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा के जरिए भारत छोड़ चुके हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी है। उनके अनुसार, इनके अलावा पाकिस्तानी वीजा धारक आठ भारतीय भी पड़ोसी मुल्क चले गए हैं। यह सिलसिला आज भी ऐसे ही जारी है।
आंध्र प्रदेश में रहते थे 21 पाकिस्तानी
भारत सरकार के आदेश के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य में 21 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की थी। यह शॉर्ट टर्म वीजा पर भारत रह रहे थे इनको तुरंत भारत छोड़ने के लिए कहा गया था।
भारतीय वीजा धारक 151 पाकिस्तानी नागरिक भी आए भारत
बीते दिन बुधवार को आंकड़ों के अनुसार, 786 पाकिस्तानी भारत से वापिस गए हैं। इसके अलावा 24 अप्रैल से अब तक पंजाब से लगी अंतराष्ट्रीय सीमा के जरिए पाकिस्तान से भारत में कुल 1,465 भारतीय आए हैं। इनमें 25 राजनयिक और अधिकारी भी शामिल हैं। इसके अलावा दीर्घकालिक भारतीय वीजा धारक 151 पाकिस्तानी नागरिक भी भारत आ चुके हैं।