हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में आज सुबह ईडी ने रेड की है। ईडी की लगभग 200 लोगों की टीम 40 गाड़ियों में कांगड़ा और ऊना पहुंची। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में देहरा से कांग्रेस प्रत्याशी एवं प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के घर पर भी ईडी ने रेड की है। डॉ. शर्मा सुबह के वक्त स्थानीय मंदिर में मूर्ति की स्थापना कर रहे थे। इस दौरान ईडी की टीम उन्हें अपनी गाड़ी में ले गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह रेड आयुष्मान भारत और हिम केयर स्कीम की गड़बड़ियों से भी जुड़ी हो सकती है। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। ईडी की टीम ने नगरोटा बगवां से कांग्रेस विधायक आरएस बाली के घर और उनके निजी फोर्टिस अस्पताल पर रेड की है।
.jpg)
घर व अस्पताल में दस्तावेज खंगाल रही ईडी की टीम
ईडी की टीम आरएस बाली और राजेश शर्मा के घर व अस्पताल में दस्तावेज खंगाल रही है, वहीं घर व अस्पताल के बाहर सीआरपीएफ के जवान तैनात है। आरएस बाली और राजेश शर्मा दोनों का कांगड़ा में अस्पताल है। कांगड़ा के अन्य निजी अस्पताल पर भी रेड की सूचना है।
श्री बांके बिहारी प्राइवेट अस्पताल पर ED की रेड
इसके साथ ही ईडी ने ऊना जिला में भी एक प्राइवेट अस्पताल के तीन ठिकानों पर रेड की है। ऊना में ईडी ने श्री बांके बिहारी प्राइवेट अस्पताल पर रेड की है। टीम के अधिकारी दो गाड़ियों में पहुंचे और अस्पताल के भीतर जांच कर रही है। ईडी की टीम दो अन्य जगहों पर भी जांच कर रही है। इनमें मैहतपुर के बसदेहड़ा में भी जांच जारी है। जो भी इसी अस्पताल से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं, पंजाब के नंगल में भी जांच चल रही है।
बता दें कि ईडी की टीम ने ऊना और कांगड़ा के अलावा, शिमला और मंडी में भी दस्तक दी है। फिलहाल, बांके बिहारी अस्पताल, बालाजी अस्पताल, फोर्टिस अस्पताल, सहित अन्य निजी संस्थानों की जांच की जा रही है। आयुष्मान भारत योजना में फर्जी आईडी के जरिये लाभ लेने का आरोप है।