बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'दाना' 24 अक्टूबर को आधी रात या फिर 25 अक्टूबर की सुबह पुरी तट से टकराएगा। जिस दौरान 120 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ओडिशा के पुरी और पश्चिम बंगाल के सागर द्वीप में तूफान का लैंडफॉल होगा। पर्यटकों को सुरक्षित घर भेज दिया गया है।
आडिशा में 10 लाख लोगों को शिफ्ट किया जा रहा
वहीं, पुरी में होटलों की बुकिंग चार दिन के लिए रोक दी गई है। ओडिशा में 14 जिलों के सभी स्कूल-कॉलेजों की 25 तक छुट्टी कर दी गई है। जबकि कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द हो गई हैं। ओडिशा में करीब 10 लाख लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है।
जगन्नाथ मंदिर पूजा अपने समय पर होंगी
बता दें कि पुरी के जगन्नाथ मंदिर के पुजारी रामकृष्ण प्रतिहारी के मुताबिक इस दौरान मंदिर में होने वाले सभी पूजा विधान अपने समय पर होंगे। लेकिन, श्रद्धालुओं से 25 अक्टूबर तक नहीं आने की विनती की गई है। तूफान का बंगाल में भी असर दिखेगा।

कुल 348 ट्रेनें रद्द
ओडिशा में 150, तो बंगाल में 198 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। सरकार ने दीघा, पूर्वी मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना जिलों से करीब डेढ़ लाख लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 अक्टूबर की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह तक यह पुरी और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को पार करेगा, इस दौरान हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। आशंका है कि यह तूफान भारी तबाही मचा सकता है।
इन जिलों में देखने को मिलेगा असर
पश्चिम बंगाल: पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कोलकाता, हावड़ा, हुगली और झारग्राम में 23 से 24 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा: 24 अक्टूबर को पुरी, खुर्दा, गंजम और जगतसिंहपुर जिलों के लिए अलग-अलग भारी से बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी) के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें अत्यधिक भारी वर्षा (20 सेमी से अधिक) और बिजली के साथ आंधी की संभावना है।
आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में भारी बारिश के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
कर्नाटक: तूफान के आने से पहले ही कर्नाटक में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
तमिलनाडु-पुडुचेरी: IMD ने दक्षिण भारत के तमिलनाडु और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में पांच दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
तेजी से बढ़ रहा दाना
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दाब का क्षेत्र अब चक्रवाती तूफान दाना में तब्दील हो गया है। यह चक्रवाती तूफान पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। बुधवार की सुबह यह ओडिशा के पारादीप से करीब 560 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में और बंगाल के सागर द्वीप से करीब 630 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में था।
NDRF की तूफान से निपटने की तैयारी
29 में से 14 तटीय जिलों में तूफान का व्यापक असर होने की आशंका है, इसलिए यहां ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRF) की 51, फायर ब्रिगेड की 178, नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की 20 टीमें लगा दी गई हैं।


