कमेडियन कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर का सालों से चल रहा झगड़ा आखिरकार अब खत्म हो गया है। अब एक बार फिर से नेटफ्लिक्स के अपकमिंग शो में कपिल और सुनील अपनी पुरानी टीम के साथ वापस लौट रहे हैं। उनके फैंस ये बात सुनकर बेहद खुश हैं। गौरतलब है कि उनका झगड़ा पिछले 6 सालों से चल रहा था। दोनों ने कपिल शर्मा शो में एक साथ काम किया था। एक झगड़े के चलते उनका रिश्ता खराब हो गया था। उनकी दोस्ती टूटने से फैंस को बड़ा झटका लगा था। लेकिन अब उनके फैंस दोनों को एक साथ देखने के लिए बेहद एक्साइटेड हैं।
नए प्रोजेक्ट में साथ दिखेंगे
नेटफ्लिक्स के जरिए इस खबर की ऑफिशियल जानकारी शेयर की गई है। जिसमें कपिल और सुनील साथ-साथ दिखाई दे रहे हैं। वहीं वीडियो में दोनों सबसे पहले अलग अंदाज में इंट्रोडक्शन देते हैं। उन्होंने अपने नए प्रोजेक्ट के बारे में फैंस को मैसेज दिया।
वीडियो में बातचीत के दौरान कपिल कहते हैं कि हम 190 से भी ज्यादा देशों में आने वाले हैं। तभी सुनील कहते हैं, कि ऑस्ट्रेलिया नहीं जाएंगे। लेकिन कपिल कहते हैं कि नहीं ऑस्ट्रेलिया तो जाएंगे। क्योंकि लोग हमारा इंतजार कर रहे हैं। यह सुनकर सुनील ग्रोवर एक शर्त रखते हैं कि हम फिर फ्लाइट से नहीं बल्कि बाई रोड जाएंगे। उनके साथ राजीव ठाकुर, कीकू शारदा, अर्चना पूरन सिंह और कृष्णा गौतम भी नजर आ रहे हैं।
इस वजह से हुई थी लड़ाई
कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर के बीच 6 साल पहले फ्लाइट में झगड़ा हुआ था। उस समय फ्लाइट में मौजूद आईविटनेस ने बताया था कि सफर के दौरान कपिल ने व्हिस्की की पूरी बॉटल पी रखी थी और वो काफी नशे में थे। इसके बाद जब कैबिन क्रू मेंबर्स ने कपिल की टीम (सुनील ग्रोवर, चंदन प्रभाकर, किकू शारदा और अन्य) को फूड सर्व किया तो वो सभी खाना खाने लगे। तभी गुस्से से तमतमाए कपिल ने सुनील को जूते से मारा...
इसी दौरान सुनील ग्रोवर ने कपिल को समझाने और शांत करने की कोशिश की तो वो सुनील पर ही भड़क उठे। कपिल ने अपना जूता उतारा और सुनील ग्रोवर को मारा। इसके बाद भी उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने सुनील की कॉलर पकड़ी और उन्हें कई थप्पड़ मारे। इसके बाद भी कपिल चिल्लाते रहे और कहा- तुम लोगों को मैंने बनाया है, सबका करियर खत्म कर दूंगा। तुम टीवी वाले आखिर समझते क्या हो? सबको निकाल दूंगा मैं। कपिल ने सुनील ग्रोवर को पकड़ते हुए कहा- गया था ना तू तो...आया ना वापस मेरे ही पास। तेरी औकात क्या है, जब खुद का शो फ्लॉप हुआ था तो तलवे चाटने लौट आया, मैंने तुम्हें नहीं बुलाया था।
‘द कपिल शर्मा शो’ में डॉक्टर गुलाटी बनते थे सुनील ग्रोवर
वैसे तो 'द कपिल शर्मा शो' कपिल के नाम पर बनाया गया था। लेकिन यह कहना गलत नहीं होगा कि सुनील ग्रोवर इस शो का बहुत खास हिस्सा थे। उनके द्वारा प्ले किया गया डॉक्टर मशहूर गुलाटी का किरदार आज भी लोग याद करते हैं। उनके शो से जाने के बाद एक समय के लिए कपिल के शो की टीआरपी कम हो गई थी। लेकिन ज्यादा समय तक कपिल के फैंस उनके शो से दूर नहीं रह पाए।