पंजाब में आज मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने आज कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि हिमाचल प्रदेश के आसपास के जिलों में अभी भी बारिश की संभावना बनी हुई है। पंजाब में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के बाद औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है।
आज भी बारिश होने की संभावना
हालांकि, कल पंजाब के अमृतसर जिले में भारी ओलावृष्टि हुई। अमृतसर में आज भी बादल छाए रहने तथा बारिश होने की संभावना है। तापमान 15 से 19 डिग्री के बीच रह सकता है। मार्च की शुरुआत भले ही बारिश के साथ हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि मार्च का महीना भी गर्म रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह में पंजाब और आसपास के राज्यों में तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहने की संभावना है। इसके साथ ही 7 से 14 मार्च तक तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।
3 मार्च को फिर से बारिश और बर्फबारी
वहीं हिमाचल प्रदेश में 3 दिनों की भारी बारिश और बर्फबारी के बाद आज वेस्टर्न डिस्टर्बन्स कमजोर पड़ गया है। इसके चलते आज और कल राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। 3 मार्च को फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 5 और 6 मार्च को पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।
बर्फबारी के कारण 650 से अधिक सड़कें बंद
इसके साथ ही राज्य में तीन दिनों से हो रही बर्फबारी के कारण 650 से अधिक सड़कें और 2300 से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। लाहौल स्पीति, चंबा, कुल्लू और किन्नौर के कई इलाके 73 घंटे से अधिक समय से बिजली के बिना हैं। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।