अगर आप भी अयोध्या में रामलला के दर्शन करने का मन बना रहे हैं तो यह खबर आपके के लिए बेहद जरूरी है। क्योंकि राम मंदिर के ट्रस्ट ने प्रभुराम के दर्शन के टाइमिंग में बड़ा बदलाव किया है। अब भक्तों को रामलला के 19 घंटे दर्शन नहीं हो पाएंगे। यह फैसला महाकुंभ के खत्म होने के बाद लिया गया है। जिस कारण अब पहले की तरह ही रामलला के दर्शन होंगे।
टाइमिंग में किया बदलाव
पहले सुबह 6 से लेकर रात 11 बजे तक रामलला का दरबार भक्तों के लिए खुला रहता था। क्योंकि महाकुंभ के दौरान काफी ज्यादा संख्या में श्रद्धालु आ रहे थे। वहीं अब श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य हो गई है। इसी को देखते हुए राम मंदिर ट्रस्ट ने प्रभु श्री राम के दर्शन की समय अवधि लगभग पहले जैसी ही कर दी है।
आज से ही लागू होंगे नियम
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा के अनुसार, चार बजे मंगला आरती होगी, उसके बाद सवा चार बजे से छह बजे तक कपाट बंद रहेंगे। छह बजे श्रृंगार आरती और साढ़े छह से 11:50 बजे तक दर्शन होंगे। फिर बारह बजे तक कपाट बंद रहेंगे, राजभोग बारह बजे होगा, भोग आरती और 12 से साढ़े 12 बजे तक दर्शन होंगे, फिर एक बजे तक कपाट बंद रहेंगे।
शाम के दर्शन का समय
इसके बाद दोपहर एक बजे से शाम 6:50 तक दर्शन होंगे, फिर सात बजे तक कपाट बंद रहेंगे। भोग 7 बजे होगा, संध्या आरती उसके बाद 9:45 से 10 बजे तक कपाट बंद रहेंगे, भोग होगा। रात 10 बजे शयन आरती का समय तय किया गया है और 10:15 बजे शेष रात्रि के लिए कपाट बंद हो जाएंगे। इसके बाद दर्शन नहीं मिल सकेंगे।