खबरिस्तान नेटवर्क: बदलते मौसम के बीच जालंधर के लोगों के लिए भी एक अहम जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, आज से मौसम बदलने वाला है जिसके कारण लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। वहीं मौसम विभाग ने भी आज से हीट वेव का अलर्ट जारी कर दिया है। उनके अनुसार, 7 अप्रैल यानी की आज से लेकर 10 अप्रैल तक गर्मी अपनी रंग दिखाने वाली है। पिछले 24 घंटों के अनुसार, पंजाब का तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है।
स्वास्थ्य विभाग ने दिए निर्देश
गर्मी के कारण बीते दिन यानी की रविवार को भी बाजार में दोपहर के दौरान कम ही रौनक रही। मौसम विभाग की मानें तो तापमान करीबन 36.7 डिग्री तक पहुंच गया जिसके कारण छुट्टी वाले दिन ज्यादातर लोग घरों में ही रहे। वहीं मौसम विभाग ने भी कुछ निर्देश जारी किए हैं जिसके अनुसार छोटे बच्चे, न्यूबॉर्न बेबी, प्रेग्नेंट महिलाएं, 65 साल या फिर उससे ज्यादा उम्र के लोग, किसान, मोटापे से जूझ रहे लोग, मेंटली तौर पर कमजोर, हार्ट संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को हर समय ज्यादा हाई टेंप्रेचर से अपना बचाव करना चाहिए।
इन बातों का भी रखें ध्यान
यदि आप बाहर काम करते हैं तो शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। कॉटन के कपड़े भी आपके लिए सही रहेंगे। सिर को सीधे धूप से बचाएं। इसके लिए आप छाता, तौलिया, टोपी या फिर दुपट्टा इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा नंगे पैर धूप में न जाएं। इस तरह के मौसम में खुद को हाइड्रेटेड रखें। ओ.आर.एस, नींबू पानी, लस्सी, नारियल पानी या लिक्विड चीजों का सेवन ज्यादा से ज्यादा करें।
बठिंडा में सबसे ज्यादा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो गया है। सबसे ज्यादा तापमान बठिंडा में 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं चंडीगढ़ में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। राज्य के सारे जिलों और शहरों का तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर है।
बारिश की नहीं है कोई संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 अप्रैल से लेकर 10 अप्रैल तक बारिश की कोई भी संभावना नहीं है। अप्रैल में इस बार 100% कम बारिश हुई है। वहीं अप्रैल के महीने में 0.4 मिमी तक बारिश होती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो पाया है वहीं तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। राज्य के उत्तरी भागों में ज्यादा तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस, मध्य भाग में 36 से 38 डिग्री सेल्सियस, पश्चिमी, दक्षिणी भागों में 40 से 42 डिग्री सेल्सियस की संभावना जताई है। रात में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा भी रहेगा।
5 शहरों में ऐसा रहेगा तापमान
अमृतसर में तापमान बढ़ सकता है। यहां का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। जालंधर में भी तापमान बढ़ सकता है। यहां तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। लुधियाना में भी तापमान बढ़ सकता है। यहां तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से लेकर 39 डिग्री के बीच में रहेगा। पटियाला में तापमान बढ़ेगा। 22 डिग्री सेल्सियस से लेकर 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मोहाली में भी तापमान बढ़ेगा। यहां का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से लेकर 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।