जालंधर पुलिस शहर में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी सिलसिले में फिर एक बार शहर के 2 इलाके धनकियां मोहल्ला और बलदेव नगर में रेड की गई। रेड के दौरान पुलिस ने लोगों के घरों की तलाशी ली। पूरे इलाके में 40 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहे।
शहर के ड्रग हॉट-स्पॉट जगहों पर रेड
एसीपी निर्मल सिंह ने बताया कि ऑपरेशन कासो के तहत नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के ड्रग हॉट स्पॉट एरिया में रेड की जा रही है। इस ऑपरेशन का नतीजे मिल रहे हैं और लोगों का समर्थन भी हमें मिल रहा है।
नशा तस्करों की बिल्डिंग पर चलेगा बुल्डोजर
उन्होंने आगे कहाकि जल्द फिर से तस्करों की इमारतों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। दरअसल, पुलिस को कुछ तस्करों के बारे में जानकारी मिली है, जिसके दस्तावेज तैयार किए जा रहे है, जल्द ही उक्त तस्करों के खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए उनकी इमारतों को धवस्त किया जाएगा।
नशे पर सख्त है पंजाब सरकार
आपको बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए मुहिम छेड़ी हुई है। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मीटिंग भी की और सभी को नशे के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के लिए कहा गया। इसके बाद से ही राज्य में अलग-अलग जगहों पर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करती हुई दिख रही है।