कनाडा में पूर्वी टोरंटो के एक पब में गोलीबारी की घटना सामने आई है । इस घटना में कम से कम 12 लोग घायल हो गए। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि स्कारबोरो टाउन सेंटर मॉल के निकट शुक्रवार रात हुई गोलीबारी में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध अब भी फरार है। लोगों को गोलीबारी वाले इलाके से दूर रहने की चेतावनी जारी की गई।
मॉल के नजदीक हुई घटना
जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात को टोरंटो के स्कारब्रो टाउन सेंटर मॉल के नजदीक स्थित पब में गोलीबारी हुई। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं हमलावर भी अभी तक फरार है।
तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार रात करीब 10.40 बजे हुई। पुलिस के अनुसार संदिग्ध हमलावर ने काला जैकेट पहना हुआ था और वह एक सिल्वर रंग की कार में भागता हुआ देखा गया। पुलिस ने लोगों को घरों के भीतर ही और चौकन्ना रहने की सलाह दी है। ताफिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
मेयर ने कहा - मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ
वहीं इस घटना को लेकर टोरंटो की मेयर ओलिविया चाऊ ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रमुख मायरोन डेमकिव से बात की है और उन्हें बताया गया है कि सभी जरूरी संसाधनों को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। पुलिस अपडेट देगी। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ है।