ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में चल रही सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा जारी रहेगी। पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने यह जानकारी दी है। आधार कार्ड पर मुफ्त बस सेवा बंद नहीं की जा रही है। हालांकि, फर्जी आधार कार्ड की जांच जरूर की जाती है। साथ ही गलत पाए जाने पर इस मामले में कार्रवाई भी की जाती है। राज्य में महिलाओं के लिए यह मुफ्त यात्रा पहले की तरह जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस सेवा को बंद करने का कोई फैसला नहीं किया है।
हर दिन तीन लाख महिलाएं उठाती हैं लाभ
बता दे कि पंजाब में महिलाओं के लिए मुफ्त सेवा अप्रैल 2021 में शुरू हुई थी। उस समय राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब आम आदमी पार्टी की सरकार बनी। इस सरकार ने इस योजना का विस्तार किया। इस योजना से करीब 1.40 करोड़ महिलाओं को फायदा हुआ है। हर दिन 3 लाख से ज्यादा महिलाएं बस से सफर करती हैं।
फर्जी आधार कार्ड की मौके पर होगी जांच
यह सुविधा पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की तरफ से दी जाती है। मंत्री का यह भी मानना है कि इस योजना में फर्जी आधार कार्ड एक बड़ी समस्या है, क्योंकि देखा जा रहा है कि कुछ लोग फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। कई जगहों पर ऐसे मामले भी सामने आए हैं। इसके बाद सरकार एक नई तकनीक पर काम कर रही है। जिसमें आधार कार्ड की मौके पर ही जांच की जा सकेगी कि वह सही है या नहीं। हालांकि अभी तक कंडक्टर के लिए मौके पर इसका पता लगाना मुश्किल है।