खबरिस्तान नेटवर्क: पंजाब में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों पंजाब में लू चलेगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार, पंजाब में 1 मई तक लू का असर रहेगा। इतना ही नहीं, 1 मई को हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों में आंधी, बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। जबकि अन्य जिलों में लू की स्थिति देखने को मिल सकती है।
वहीं आज राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, फिर भी तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया।
लू को लेकर अलर्ट जारी
पंजाब में आज 28 अप्रैल को पंजाब के उत्तरी जिलों में जैसे पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर में मौसम सामान्य रहेगा, जबकि दक्षिणी जिलों फाजिल्का, बठिंडा, फरीदकोट में लू को लेकर अलर्ट है। इसके साथ ही 29 अप्रैल को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन दक्षिणी पंजाब में हीटवेव का प्रभाव बना रहेगा।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
30 अप्रैल को चेतावनी जारी रहेगी लेकिन कुछ हिस्सों में, खासकर हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगे जिलों में बारिश की संभावना है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है, जिससे बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
वहीं हिमाचल प्रदेश से सटे जिलों में 1 मई को आंधी, बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। जबकि अन्य जिलों में लू की स्थिति देखने को मिल सकती है।
बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत
मौसम विभाग ने आज भी देश के 21 राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। वही आज उत्तरप्रदेश और बिहार में बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई।