पंजाब में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के 4 जिलों - पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, एसएएस नगर और फतेहगढ़ साहिब में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में सामान्य बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में भी आज ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पंजाब के अलावा हिमाचल प्रदेश में भी आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर पंजाब में भी देखने को मिलेगा। हिमाचल के भाखड़ा, पौंग और रणजीत सागर बांधों का जलस्तर पहले से ही तेजी से भर रहा है।
मोगा समेत 8 जिलों के कई गांव बाढ़ की चपेट में
हिमाचल प्रदेश में बारिश पंजाब के लिए आफत ला सकती है। इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों में भाखड़ा से छोड़े गए पानी का असर मोगा में भी देखने को मिला। गुरुवार को सतलुज का जलस्तर बढ़ गया। जिसके बाद अब मोगा समेत 8 जिलों के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। 22 अगस्त 2025 सुबह 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब के तीनों प्रमुख बांधों में जलस्तर बढ़ गया है।