गुरदासपुर के गांव डेरीवाल किरण में दो गुटों में फायरिंग हुई। वहीं, युवकों को समझाने आए आम आदमी पार्टी के ब्लॉक प्रधान की कार पर भी तेजधार हथियारों से हमला किया गया। घटना में ब्लॉक प्रधान समेत दोनों गुटों के चार लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
झगड़ा छुंड़वाने पहुंचे थे
यह घटना मंगलवार(30 जुलाई) की शाम की है। जानकारी देते आप के ब्लॉक प्रधान जतिंदर सिंह ने बताया कि गांव के ही कुछ युवकों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। जब उन्हें इस बात का पता चला तो वह गांव में झगड़ा छुंड़वाने के लिए पहुंचे। वहीं एक गुट के युवक ने उनकी गाड़ी पर हथियारों से हमला कर दिया उन्हें जख्मी कर दिया। उन्होंने बताया कि दोनों तरफ से गोलियां चलाई गई थी।
सोशल मीडिया पर नशे खिलाफ डालते थे वीडियो
उन्होंने बताया कि अपनी जान बचाने के लिए हवाई फायरिंग की थी। घटना में उनके चाचा लखविंदर सिंह भी जख्मी हुए है। झगड़ा कर रहे दूसरे गुट के युवक मनप्रीत सिंह ने बताया कि वह सरकार और नशे के खिलाफ सोशल मीडिया पर वीडियो डालते रहते हैं। जिसे लेकर गांव के ही कुछ आप से संबंधित युवकों ने वीडियो डिलीट करने के लिए कहा और धमकी दी। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ है। इस दौरान दूसरे पक्ष ने फायरिंग कर दी।
मनप्रीत सिंह ने बताया कि इस घटना में उनके ताऊ के दो लड़के मंगल सिंह और बहादुर सिंह जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गुरदासपुर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
पुलिस कर रही जांच
जांच कर रही थाना कलानौर के एसएचओ मेजर सिंह ने बताया कि वायरल हो रही वीडियो को अपने कब्जे में लेकर पहचान की जा रही है कि सबसे पहले फायरिंग किसने की थी। उन्होंने बताया कि इस घटना में 4 से 5 राउंड फायर हुए हैं। दोनों गुटों के घायलों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।