ख़बरिस्तान नेटवर्क : आज 5 देशों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यह झटके रात 1 बजे से सुबह 6 बजे के बीच भारत, तिब्बत, म्यांमार, ताजिकिस्तान और इंडोनेशिया में महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 3 से 5 के बीच थी। जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हाल के दिनों में दुनियाभर के कई देशों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं।
2,700 से अधिक लोगों की हुई थी मौत
आपको बता दें कि म्यांमार में 28 मार्च को 7.7 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था। इस भूकंप में अब तक 2,700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग घायल हुए हैं। यह भूकंप इतना शक्तिशाली था कि बैंकॉक से लेकर भारत के दिल्ली-एनसीआर तक इसके झटके महसूस किए गए। भूकंप का असर सिर्फ म्यांमार तक सीमित नहीं रहा। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी इसका प्रभाव देखने को मिला, जहां एक इमारत गिरने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई।
जाने क्यों आता है भूकंप
पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती रहती हैं। जहां ये प्लेट्स ज्यादा टकराती हैं, वह जोन फॉल्ट लाइन कहलाता है। बार-बार टकराने से प्लेट्स के कोने मुड़ते हैं। जब ज्यादा दबाव बनता है तो प्लेट्स टूटने लगती हैं। नीचे की ऊर्जा बाहर आने का रास्ता खोजती हैं और डिस्टर्बेंस के बाद भूकंप आता है।
किस तीव्रता का भूकंप कितना खतरनाक है
• 0 से 1.9 तीव्रता का भूकंप काफी कमजोर होता है। सीज्मोग्राफ से ही इसका पता चलता है।
• वहीं 2 से 2.9 तीव्रता का भूकंप रिक्टर स्केल पर हल्का कंपन करता है।
• 3 से 3.9 तीव्रता का भूकंप आने पर ऐसा लगता है जैसे कोई ट्रक आपके नजदीक से गुजर गया हो।
• 4 से 4.9 तीव्रता का भूकंप आने पर खिड़कियां टूट सकती हैं। साथ ही दीवारों पर टंगे फ्रेम गिर सकते हैं।
• 5 से 5.9 तीव्रता का भूकंप आने पर घर का फर्नीचर हिल सकता है।
• 6 से 6.9 तीव्रता का भूकंप आने पर इमारतों की नींव दरक सकती है।
• 7 से 7.9 तीव्रता का भूकंप खतरनाक होता है। इससे बिल्डिंग गिर जाती हैं और जमीन में पाइप फट जाती है।
• 8 से 8.9 तीव्रता का भूकंप काफी खतरनाक होता है। जापान, चीन समेत कई देशों में 8.8 से 8.9 तीव्रता वाले भूकंप ने खूब तबाही मचाई थी।
• 9 और उससे ज्यादा तीव्रता का भूकंप आने पर पूरी तबाही होती है। इमारतें गिर जाती है। पेड़ पौधे, समुद्रों के नजदीक सुनामी आ जाती है।