भाजपा प्रत्याशी शीतल अंगुराल के लिए उपचुनाव में अपनी इमेज को लेकर काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन दिनों आम आदमी पार्टी के नेता शीतल अंगुराल को लेकर हर रोज नए से नए खुलासे कर रहे हैं। आप लीडरशिप भाजपा प्रत्याशी पर पूरी तरह से हमलावर है।
इसी बीच एक और ऑडियो वायरल हो रही है। जिसमें शीतल अंगुराल वेस्ट हलके के एक आप नेता और प्रॉपर्टी कारोबारी मेजर सिंह के साथ गाली गलौच कर रहे हैं। इस ऑडियो की पुष्टि मेजर सिंह ने की है।
उनके मुताबिक यह ऑडियो 6 महीने पुरानी है। इससे कुछ दिन पहले भी जालंधर वेस्ट में एक ऑडियो वायरल हो चुकी है। इस मामले में शीतल अंगुराल से बात करने की कोशिश की गई पर उनसे बात नहीं हो पाई।
एक कारोबारी को लेकर हुआ था विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक 6 महीने पहले शीतल अंगुराल के दफ्तर में किसी एक कारोबारी को जबरन बैठाए जाने के आरोप लगे थे। तब मेजर सिंह ने अपने किसी साथी को शीतल के दफ्तर में जाकर उनका मैसेज देने को कहा था। इसी बात को लेकर शीतल अंगुराल नाराज हो गए और उन्होंने मेजर सिंह के दफ्तर में फोन किया।
फोन मेजर सिंह के दफ्तर में काम करने वाले सोनू नामक युवक ने उठाया। इस बात पर शीतल अंगुराल भड़क गए। पहले शीतल सोनू के साथ गाली गलौच करते हैं। फिर जब फोन मेजर सिंह लेते हैं तो उनको भी गाली गलौच करते हैं।
एक दूसरे पर भड़के दोनों नेता
इस ऑडियो में शीतल और मेजर दोनों ही एक दूसरे पर भड़ते हैं। दोनों तरफ से गालियों का इस्तेमाल किया जाता है। भाजपा प्रत्याशी मेजर सिंह को धमकाते भी हैं। उन्हें उकसाते भी सुनाई दे रहे हैं। इस पर मेजर सिंह भी उन्हें ललकारते हुए ‘टाइम’ डालने की बात करते हैं। करीब 2.25 मिनट की यह ऑडियो में जमकर गाली गलौच किया गया है। चुनाव के दिनों में यह ऑडियो वायरल होना भाजपा के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
ऑडियो वारयल के बारे में मुझे जानकारी नहीं – मेजर सिंह
आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व पार्षद मेजर सिंह इन दिनों अपने परिवार के साथ विदेश में हैं। उन्होंने इस ऑडियो की सच्चाई बताई है। उनका कहना है कि यह मामला छह महीने पुराना है और अब यह कैसे वायरल हो रहा है, इसके बारे में उनको कोई जानकारी नहीं है।