यूपी के हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान 50 से 60 लोगों की मौत होने की पुष्टि डीएम ने की है। 150 से ज्यादा घायल बताए जा रहे है। इसमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। एटा सीएमओ उमेश त्रिपाठी ने इसकी जानकारी दी। घायलों को बस-टैंपों में लादकर जिला अस्पताल ले जाया गया। डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए है। कई थानों की फोर्स भी बुलाई गई है।
2-2 लाख मुआवजा देने का किया ऐलान
वहीं घायलों को 50-50 हजार की वित्तीय सहायता और मरने वालों के परिवार को 2-2 लाख मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।
सत्संग में 15 हजार से अधिक लोग आए थे
मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मुख्य सचिव मनोज सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार घटनास्थल के रवाना हो गए हैं। सीएम योगी ने एडीजी आगरा और कमिश्नर को अलीगढ़ पहुंचने के आदेश दिए हैं। डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। सत्संग में 15 हजार से अधिक लोग आए थे।
जाने कैसे हुआ हादसा
सत्संग खत्म हो गया था। एक साथ लोग निकल रहे थे। हॉल काफी छोटा था और गेट भी पतला था। पहले निकलने के चक्कर में लोगों में भगदड़ मच गई। लोग एक दूसरे पर गिर पड़े। ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। इस वजह से 150 से अधिक लोग घायल हो गए और कई लोगों की मौत हो गई।
पुलिस टीमें और प्रशासन के अधिकारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। घायल महिलाओं, बच्चों, पुरुषों को बेहोशी की हालत में एटा, अलीगढ़, सिकंदराराऊ हॉस्पिटल में ले जाया गया है। अस्पताल में 27 लोगों के शव पहुंचने की बात कही है। वहीं घायलों का उपचार चल रहा है। पूरे गांव को छावनी में बदल दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश दिए। साथ ही योगी ने घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।