खन्ना में नेशनल हाईवे पर भादला फ्लाईओवर के पास हुए सड़क हादसे में शंभू बॉर्डर से लौट रहे एक किसान की मौत हो गई। वहीं मृतक किसान का साथी गंभीर रुप से घायल हो गया।
मिली जानकारी मुताबिक, शंभू बॉर्डर पर जारी धरने में 10 दिन लगाने के बाद दो किसान बाइक से वापस लौट रहे थे। वहीं मृतक की पहचान सुखविंदर सिंह (57) निवासी रंघड़ नंगल (गुरदासपुर) के तौर पर हुई है। घायल बलजीत सिंह (47) का खन्ना सिविल अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है।
ट्रक चालक ने अचानक लगाई ब्रेक
बताया जा रहा है कि खन्ना से थोड़ा पीछे फ्लाईओवर के ऊपर उनके आगे जा रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी तो पीछे से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में सुखविंदर सिंह की मौत हो गई।
पुलिस कर रही जांच
जानकारी मिलते ही खन्ना थाना सिटी के एसएचओ गुरमीत सिंह ने कहा कि पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर देखा है। सीमा थाना मंडी गोबिंदगढ़ की लगती है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। सुखविंदर सिंह का शव खन्ना सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घायल बलजीत सिंह का इलाज चल रहा है।