किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने 5 मार्च को चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इससे पहले पुलिस किसान नेताओं को हिरासत में ले रही है। बताया जा रहा है कि बलबीर सिंह राजेवाल को देर रात करीब डेढ़ बजे हिरासत में लिया गया।
इसके अलावा, किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के नेता दिलबाग सिंह गिल को घर में नजरबंद किया गया है। किसानों पर कार्रवाई को लेकर SKM ने 11 बजे लुधियाना में इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। बता दें कि सोमवार को चंडीगढ़ के पंजाब भवन में SKM नेताओं की पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मीटिंग हुई थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान गुस्सा हो गए और बाद में भगवंत मान मीटिंग छोड़कर चले गए थे।
पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ कूच से पहले ही बठिंडा जिले में करीब एक दर्जन जगहों पर छापेमारी की है। इस दौरान पुलिस ने कई किसान नेताओं को हिरासत में भी लिया है।