पंजाब में बारिश के बाद फिर से धूप निकली हुई है। वहीं आज बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसके साथ ही पिछले 24 घंटों के दौरान अलग अलग इलाकों में हल्की बारिश हुई, जबकि अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे। जिसके बाद तापमान में मामूली गिरावट देखी जा रही है।
आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान
लेकिन आने वाले दिनों में दिन का अधिकतम तापमान बढ़ेगा और यह सामान्य से अधिक रहेगा। राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, हालांकि यह सामान्य के करीब है। राज्य में सबसे अधिक तापमान मोहाली में 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मार्च का महीना रहेगा गर्म
मार्च की शुरुआत भले ही बारिश के साथ हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि मार्च का महीना भी गर्म रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह में पंजाब और आसपास के राज्यों में तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहने की संभावना है। इसके साथ ही 7 से 14 मार्च तक तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।
पिछले दिनों मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन न तो बारिश हुई और न ही ओलावृष्टि हुई। इससे किसानों को राहत मिली है। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में वृद्धि भी किसानों के लिए बेहतर होगी।