जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग के काला बकरा के पास ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली और बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दौरान बस में सवार 2 लोगों की मौत और करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क के बीचोंबीच पलट गई और बस का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस दुर्घटना में बस चालक समेत 2 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार यह बस दिल्ली से जम्मू कटरा यात्रियों को लेकर जा रही थी, तभी काला बकरा के पास यह भीषण दुर्घटना हो गई।

दिल्ली से जम्मू जा रही थी बस
मृतकों की पहचान जम्मू के रियासी निवासी सुखवंत सिंह और दिल्ली के उत्तम नगर निवासी कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस से मिली जानकारी मुताबिक अशोक बस सर्विस की बस यात्रियों को लेकर दिल्ली से जम्मू कश्मीर जा रही थी। लेकिन काला बकरा इलाके में बस आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई और टैक्टर ट्रॉली पलट गई।
यात्रियों में मची चीख-पुकार
इस हादसे के बाद बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद थाना भोगपुर पुलिस को घटना की सूचना दी गई। घटना में बस के ड्राइवर सुखविंदर और यात्री कुलदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि 11 यात्री घायल हो गए। इनमें 6 लोगों को जोहल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हाईवे से साइड में किया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिए। फिलहाल हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है , जांच के बाद पुलिस मामले में उचित कार्रवाई करेगी।