महाकुंभ मेले का 27वां दिन है। अब तक 40.68 करोड़ श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा चुके हैं। आज एकादशी और शनिवार होने की वजह से संगम पर श्रद्धालुओं की भीड़ है। एक बार फिर से प्रयागराज-वाराणसी और नैनी से आने वाली सड़क पर 4-4 Km का जाम लगा है। शहर में भी जगह-जगह जाम की स्थिति है। साथ ही मेला एरिया में में मोबाइल नेटवर्क ध्वस्त हो गया है।
नया ट्रैफिक प्लान लागू
वाहनों की प्रयागराज शहर में एंट्री हो रही है। महाकुंभ से अखाड़े वापस जाने लगे हैं। इसके लिए नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। प्रशासन मेला क्षेत्र में वाहनों की एंट्री देगा। 8 फरवरी की रात 8 बजे से 9 फरवरी की सुबह 4 बजे तक वाहनों को एंट्री मिलेगी।
पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर ने पत्नी के साथ लगाई डुबकी
महाकुंभ में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने पत्नी के साथ संगम में डुबकी लगाई। उन्होंने महाकुंभ को दिव्य-भव्य बताते हुए इसे 'एकता का महाकुंभ' बताया है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर स्नान की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "गंगे च यमुने चैव गोदावरी सरस्वती। नर्मदे सिंधु कावेरी जलेऽस्मिन् सन्निधिं कुरु।पुण्यधरा प्रयागराज में महाकुंभ के पावन अवसर पर पुण्य सलिला माँ गंगा, माँ यमुना और माँ सरस्वती की दिव्य धाराओं के संगम तट पर सपरिवार पवित्र स्नान, पूजा-अर्चना कर सर्वकल्याण की कामना की।माँ गंगा, यमुना और सरस्वती के शुभाशीष से आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि व सौभाग्य का वास हो।
मौन अमावस्या पर मची थी भगदड़
बता दें कि मौन अमावस्या पर महाकुंभ में भगदड़ मच गई थी। जिसमें 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 60 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए थे। वहीं यूपी सरकार ने मृतक के परिवारों के लिए 25-25 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया था।
26 फरवरी तक चलेगा मेला महाकुंभ
बता दें कि महाकुंभ दुनिया के सबसे बड़े और सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक समागमों में से एक है। यह हर 12 साल में भारत के चार स्थानों में से एक पर आयोजित किया जाता है। बता दें कि महाकुंभ मेला 13 जनवरी को शुरू हुआ है और यह 26 फरवरी तक चलेगा।