पंजाब में चार सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। भाजपा ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत और रवनीत सिंह बिट्टू उपचुनावों में प्रचार करेंगे।
13 नवंबर को चुनाव, ये हैं उम्मीदवार
बता दें कि पंजाब की बरनाला, गिदड़बाहा, डेरा बाबा नानक और चब्बेवाल में 13 नवंबर को वोटिंग होनी है और 23 नवंबर को रिजल्ट घोषित होना है। भाजपा ने डेरा बाबा नानक से रविकरण सिंह काहलों, बरनाला से केवल सिंह ढिल्लों और गिद्दड़बाहा से मनप्रीत सिंह बादल को मैदान में उतारा है। चब्बेवाल के लिए अभी भाजपा ने अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
लिस्ट में इन बड़े नेताओं का भी नाम
वहीं, लिस्ट में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, स्मृति ईरानी, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के नाम भी पार्टी ने सूची में शामिल हैं। सांसद मनोज तिवारी और रवि किशन, भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा और पठानकोट के विधायक अश्विनी शर्मा भी पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।
लोकसभा के दौरान खाली हुई सीट
गिद्दड़बाहा सीट कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के लुधियाना से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थी। बरनाला सीट आम आदमी पार्टी (आप) के गुरमीत सिंह हेयर के संगरूर लोकसभा सीट से जीतने के बाद खाली हुई थी। उन्होंने 2017 और 2022 विधानसभा चुनावों में बरनाला सीट से जीत हासिल की थी।
डेरा बाबा नानक सीट कांग्रेस के सुखजिंदर सिंह रंधावा के गुरदासपुर से लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थी। चब्बेवाल सीट पर कांग्रेस के विधायक रहे राज कुमार चब्बेवाल, जो बाद में आप में शामिल हो गए थे, वह होशियारपुर से सांसद बने हैं।
25 अक्टूबर आखिरी तारीख
आपक बता दें कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है और नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को की जाएगी। उम्मीदवार नामांकन 30 अक्टूबर तक वापस ले सकते हैं।