पटियाला के सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पठान माजरा को पंजाब पुलिस ने हरियाणा के करनाल गिरफ्तार किया था। वही अब खबर सामने आ रही है कि वह पुलिस हिरासत से फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हरमीत सिंह पठानमाजरा पुलिस पर फायरिंग करने के बाद फरार हुए हैं।
कार से एक पुलिसकर्मी को कुचला
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद स्थानीय थाने ले जाते समय पठानमाजरा और उनके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग की। इस घटना में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी खबर है। विधायक ने अपनी कार से एक पुलिसकर्मी को कुचल दिया और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि विधायक और उनके साथी एक स्कॉर्पियो और एक फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर पुलिस हिरासत से फरार हुए है। हालांकि, पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार को पकड़ लिया है।हरमीत सिंह ने फेसबुक पर लाइव आकर बताया कि उनके खिलाफ धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सरकार के खिलाफ बोलने पर मेरे खिलाफ कार्रवाई की गई
उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ बोलने पर मेरे खिलाफ कार्रवाई की गई है। हाल ही में विधायक पठानमाजरा ने बाढ़ के लिए कोई खास इंतजाम न करने का बयान दिया था। जिसके बाद आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के बगावत के बाद सरकार ने गनमैन भी वापस ले लिए थे।
विधायक पाठनमाजरा पर रेप की FIR
बता दें कि हरमीत सिंह पठानमाजरा 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में सन्नौर सीट से भारी मतों से जीते थे। जिनके खिलाफ रेप केस दर्ज हुआ है। रेप केस उन्हीं के दूसरी पत्नी ने दर्ज करवाया है। 2022 में उनकी दूसरी पत्नी गुरप्रीत कौर ने उन पर पहली शादी छिपाने साथ ही मारपीट का आरोप लगाया था। इसके अलावा एक कथित अश्लील वीडियो के वायरल होने के बाद भी वे सुर्खियों में रहे थे। उन्होंने फेसबुक लाइव होकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब पुलिस ने उनकी पूर्व पत्नी से जुड़े पुराने आईपीसी 376 के मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं विधायक पठानमाजरा ने दावा किया कि यह सब राजनीतिक साजिश के तहत किया जा रहा है।