ख़बरिस्तान नेटवर्क : Pahalgam Terrorist Attack के बाद सुरक्षाबलों ने अब तक 5 आतंकवादियों के घरों को गिरा दिया।अनंतनाग के बिजबेहरा में आदिल हुसैन ठोकर उर्फ आदिल गुरेई, अवंतीपोरा में आसिफ शेख और पुलवामा में अहसान शेख के घरों को गुरुवार और शुक्रवार की रात चुपचाप ध्वस्त कर दिया गया।
बता दें कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस हमले में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 घायल हो गए। वहीं देश के तीन अधिकारी भी इस हमले का शिकार हुए। 2019 में पुलवामा हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में यह सबसे बड़ा आतंकवादी हमला है। आतंकवादियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की, जिसमें 2 विदेशी पर्यटकों सहित 27 लोग मारे गए।
हमले के बाद केंद्र सरकार एक्शन मोड में
आतंकवादी हमले के बाद केंद्र सरकार एक्शन मोड में है। सिंधु जल संधि के बाद अब भारत सरकार ने पाकिस्तान के नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला लिया है। इसके अंतर्गत अब 27 अप्रैल से सभी मौजूदा वैध वीजा रद्द कर दिए जाएंगे। सिर्फ चिकित्सा वीजा ही 29 अप्रैल तक वैध रहेगा। भारत में वर्तमान में मौजूद पाकिस्तानी नागिरिकों को निर्धारित समय सीमा के अंदर देश छोड़ने का आदेश भी दिया है।
भारतीय लोग आएं वापिस
इसके अलावा भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान में मौजूद भारतीय लोगों के लिए सख्त सलाह भी दी है। मंत्रालय ने वर्तमान में पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द भारत वापिस आने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने इसके साथ ही भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से भी बचने की भी सख्त सलाह दी है।