ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा के घर से रेड में मिला एक किलो सोने का जिक्र शनिवार को अदालत में भी हुआ। रेड के दौरान विजिलेंस की टीम को सोने-चांदी के गहने और 6 लाख रुपए कैश बरामद मिला। 2022 के चुनाव में जीतने वाले करोड़पति उम्मीदवारों में रमन अरोड़ा का नाम शामिल था।
तब जो रमन अरोड़ा ने हलफनामा दिया था उसके मुताबिक उनके और उनकी पत्नी के पास करीब 742 ग्राम सोना या सोने के गहने थे। तीन साल में अरोड़ा की संपत्ति में करीब 250 ग्राम सोने व चांदी का इजाफा हो गया है। अभी विजिलेंस की टीम को विधायक रमन अरोड़ा का 5 दिन का रिमांड मिला है। कहा जा रहा है कि इस पूछताछ के दौरान कई खुलासे हो सकते हैं।
विजिलेंस ने कोर्ट में एटीपी सुखदेव वशिष्ठ के उस बयान का जिक्र किया-जिसमें वशिष्ठ ने कहा कि - वह जब भी रमन अरोड़ा के घर जाता था संबंधित लोग उनके घर होते थे। इसके अलावा विजिलेंस ने घर से मिले एक किलो सोने का जिक्र किया।
इस पर अरोड़ा के वकीलों ने दलील दी कि वशिष्ठ के बयान से साबित नहीं होता कि रमन अरोड़ा ने किसी से कोई पैसा लिया है। सोने को लेकर अरोड़ा के वकील ने कहा कि - जिस सोने की बात विजिलेंस कर रही है उसका एफीडेविट तो वह 2022 के चुनाव में पहले से दे चुके हैं।
करोड़पति विधायक हैं रमन अरोड़ा
अगर रमन अरोड़ा के 2022 के चुनावी हलफनामे में देखें तो उनकी संपत्ति 2 करोड़ 97 लाख रुपए थी। जबकि उनके पास 24 लाख रुपए के लायबिलीटिस थीं। हलफनामे के मुताबिक रमन अरोड़ा और उनकी पत्नी के पास 249 और 493 ग्राम सोने के गहने थे। हलफनामे को देखें तो उनके पास 742 ग्राम सोना था। अब उनके घर से एक किलो सोना व चांदी की ज्यूलरी मिली है, जो 2022 के मुकाबले 258 ग्राम अधिक है।
अगला नंबर किसका
रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद सबकी जुबान पर एक ही बात है कि अगला नंबर किसका लगने वाला है। विजिलेंस अब तक रमन अरोड़ा के समधी राजू मदान। शनिवार सुबह पुलिस की टीम फिर से सर्च के लिए विधायक अरोड़ा के घर पर पहुंची। विजिलेंस ने शुक्रवार को रमन अरोड़ा के घर करीब छह घंटे पूछताछ की।
इसी दौरान रमन अरोड़ा के समधी राजू मदान और उनके पीए रोहित के घर पर भी रेड की गई है। विजीलैंस ने अब रमन अरोड़ा के साथी महेश मखीजा के घर (चरणजीत पुरा) में भी रेड की है। पालीटिकली ह़ाट इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। सबसे ऊपर एक पुलिस वाले का नाम है। वहीं वशिष्ठ से जुड़े मामले में कुछ पत्रकारों का नाम भी जुड़ सकता है।
सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक विधायक पर आरोप है कि जालंधर नगर निगम के जरिए उन्होंने लोगों को नोटिस भिजवाए। फिर रुपए लेकर नोटिसों को रफा-दफा करा दिया। इस मामले में FIR भी दर्ज की जा चुकी है।
कभी थी दिल्ली तक पहुंच
अरोड़ा पर एक्शन की तैयारी पहले ही शुरू हो चुकी थी। कुछ दिन पहले ही अरोड़ा की सिक्योरिटी वापस ले ली गई थी। 4 दिन पहले विधानसभा की नई कमेटियां गठित की गई थीं। इसमें रमन अरोड़ा को भी पब्लिक अंडरटेकिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया था। अरोड़ा की दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोसिया से लेकर तमाम बड़े नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर मौजूद हैं।
उन्होंने पिछले महीने ही एंबुलेंस का हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह को बुलाया था। जलांधर में आप विधायक रमन अरोड़ा पर विजिलेंस ने यह कार्रवाई ऐसे वक्त पर की है जब इसी साल की शुरुआत में आप को नगर निगम में पहली बार सत्ता मिली है।