ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में शाम करीब छह बजे आई आंधी और तूफान में भारी तबाही मचाई है। तूफान से श्रीराम चौक में लगा तिरंगे झंडे वाला पोल गिर गया। सेखों ग्रैंड होटल के सामने माल की शटरिंग नीचे खड़े वाहनों पर गिर गई। शहर में कई जगह पेड़ उखड़ कर सड़कों पर गिर गए। पूरे जालधंर में बिजली सप्लाई बंद है। पारवरकाम की तारों को भी कई जगह नुक्सान पहुंचा है। पीपीआर मॉल के बाहर रखा सिक्योरिटी बूथ उड़कर दूर जा गिरा। भार्गव नगर में एक मकान की छत गिर गई है। अशोक नगर में दुकानों का शेड गिर गया।
शहर में तेज आंधी तूफान के बाद बारिश शुरू हो गई है। तेज़ हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और तापमान भी नीचे गिर गया है। कई किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं और पेड़ों की मोटी टहनियां टूटकर गिर गई हैं। आर्या नगर में सड़क पर बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे कुछ दोपहिया चालक बाल-बाल बचे।
आने वाले 5 घंटे के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 5 घंटे में पूरे पंजाब में तूफान का अलर्ट है। इससे पंजाब से सटे राजस्थान और हरियाणा के भी कुछ जिलों में आंधी आ सकती है।अमृतसर में करीब दो घंटे से बारिश हो रही है। तो वहीं जालंधर में एक घंटे से बारिश हो रही है।
आंधी बारिश के बीच बिजली गुल
तेज आंधी और बारिश के कारण जालंधर, अमृतसर फिरोजपुर में तेज आंधी के चलते बिजली गुल हो गई है और बारिश हो रही है। कपूरथला और फरीदकोट के कोटकपूरा में भी दिन में अंधेरा छा गया और तेज हवा चल रही है।