ख़बरिस्तान नेटवर्क : विधायक रमन अरोड़ा के घर पर विजिलेंस की रेड चल रही है। किसी को भी घर बाहर और अंदर नहीं दिया जा रहा है। रमन अरोड़ा के खिलाफ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पोर्टल पर लगातार शिकायतें आ रही थी। जिसके बाद उनके ऊपर यह कार्रवाई की गई। विजिलेंस की टीम ने नोट गिनने वाली मशीन को मंगवाया है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि नोटों की संख्या काफी ज्यादा होगी।
सीएम पोर्टल पर मिल रही थी शिकायतें
जानकारी देते हुए आप नेता बलतेज पन्नू ने बताया कि सीएम के पोर्टल पर रमन अरोड़ा के भ्रष्टाचार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। वह जालंधर के असिस्टेंट टाउन प्लानर सुखदेव वशिष्ठ के साथ मिलकर लोगों को नोटिस भेजते थे और उसके बाद मामला रफा-दफा करने के लिए मोटी रकम लेते थे।
विधायक की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई
उन्होंने आगे बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पहले एटीपी के खिलाफ कार्रवाई की गई और फिर उसके बाद आज विधायक रमन अरोड़ा के खिलाफ रेड की जा रही है। रमन अरोड़ा को गिरफ्तार नहीं किया गया है। विजिलेंस की उनके घर पर रेड चल रही है। पंजाब सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपना रही है।
आप ने लिखा- भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
आम आदमी पार्टी पंजाब ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फोटो शेयर करते हुए लिखा कि अपना हो गया बेगाना भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं। भ्रष्टाचार मामले में जालंधर के मौजूदा विधायक रमन अरोड़ा के घर पर विजिलेंस की रेड। जालंधर नगर निगम अधिकारियों के जरिए लोगों को झूठे नोटिस भेजवा कर मामले को रफा-दफा करने के लिए बड़ी रकम लेता था।
हाल ही में छीनी गई थी सिक्योरिटी
हाल ही में रमन अरोड़ा की पंजाब सरकार ने सिक्योरिटी वापिसी ले ली थी। जिसके बाद उन्होंने कहा था कि इस फैसले का कारण नहीं पता और फिलहाल उनके पास कोई सुरक्षा कर्मी नहीं हैं। उनकी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद बाजार में व्यापारी ने लड्डू भी बांटे थे। इसके बाद वह दो दिन सोशल मीडिया पर एक्टिव रहे थे।
कपड़े का है कारोबार
रमन अरोड़ा व्यवसाय से वे कपड़े के व्यापारी हैं और जालंधर के पीर बोदलां बाजार में उनका व्यापार है। राजनीति में आने से पहले, उन्होंने COVID-19 महामारी के दौरान सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे उन्हें कांग्रेस सरकार के दौरान खत्री-अरोड़ा पंजाब बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था।
2021 में आए थे सियासत में
रमन अरोड़ा का राजनीतिक सफर दिसंबर 2021 में शुरू हुआ जब उन्होंने अरविंद केजरीवाल से एक जागरण कार्यक्रम में मुलाकात की। इस मुलाकात से प्रेरित होकर उन्होंने आम आदमी पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया और 2022 के विधानसभा चुनाव में पहली बार उम्मीदवार बने। विधायक बनने के बाद रमन अरोड़ा की कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठते रहे हैं। पंजाब सरकार का करप्शन के खिलाफ बड़ा एक्शन है।