ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के जगराओं में जागों समारोह के दौरान डीजे पर नाच रहे ज्वैलर पर गोली चला दी। जिसमें वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान परमिंदर सिंह उर्फ लवली के रूप में हुई है।
गोली किसने चलाई, किसी को पता नहीं
बताया जा रहा है कि जब डीजे पर सभी नाच रहे थे तो इसी दौरान किसी ने लवली पर गोली चला दी। हालांकि डीजे की आवाज तेज होने के कारण किसी को भी गोली चलने का पता नहीं चला। पर जब वह नीचे गिरा तब जाकर लोगों को इस घटना का पता चला। लवली की छाती और पेट में गोली लगने से मौत हुई है।
6 महीने पहले मिली थी धमकी
जानकारी के मुताबिक मृतक को 6 महीने पहले भी मारने की धमकी मिल चुकी है। उसको फिरौती के लिए धमकी भरे कॉल्स आ रहे थे। साथ ही लवली की कोठी पर धमकी देने वालों ने गोलियां भी बरसाई थी। इस केस में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। इस हादसे के बाद पुलिस ने लवली को सुरक्षा दी थी, मगर कुछ समय बाद उसकी सुरक्षा हटा द गई। जिसके बाद उसने खुद के निजी सुरक्षा कर्मी रखे हुए थे।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। पुलिस कारवाई कर रही है और इलाके में लगे CCTV को खंगाल रही है। लवली को 6 महीने पहले जो धमकी मिली थी, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। मौके पर मौजूद लोग चुप्पी साधे हुए है। कोई भी बताने को तैयार नहीं है कि गोली किसी ने जानबूझ कर चलाई या किसी से गलती से चली।