पंजाब के अमृतसर जिले से बड़ी खबर आ रही है। शहर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने एक खुफिया अभियान के जरिए अवैध हथियार तस्करी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े गुरबाज सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से छह .32 बोर की पिस्तौल दस कारतूस बरामद किए है।
जांच से पता चला है कि इन हथियारों को आपराधिक गतिविधियों के लिए मध्य प्रदेश से पंजाब में तस्करी कर लाया गया था। आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल गैंगवार, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और अन्य अवैध गतिविधियों में किया जाना था।
गिरफ्तार आरोपी गुरबाज सिंह कुख्यात अपराधी जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो पंजाब और आसपास के राज्यों में हत्या, डकैती और जबरन वसूली जैसे अपराधों में शामिल रहा है। इस गिरोह के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं और यह गिरोह अक्सर अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़ा हुआ पाया जाता है।