हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार रात को पुलिस और बदमाशों में जमकर गोलीबारी हुई। जिसमें कुख्यात गैंगस्टर फिरौती किंग हिमांशु भाऊ के 3 शार्प शूटरों को पुलिस ने मार गिराया। पुलिस ने रात को ही तीनों के शवों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं फायरिंग के दौरान दिल्ली क्राइम ब्रांच के एक सब इंस्पेक्टर अरूण को भी गोली लगी।
बदमाशों के पास से 5 ऑटोमैटिक हथियार बरामद
जानकारी मुताबिक, सोनीपत के खरखौदा गांव में छोनौली बाइपास पर सोनीपत STF और न्यू दिल्ली रेंज पुलिस ने यह जॉइंट ऑपरेशन चलाया। पुलिस को बदमाशों के पास से 5 ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद हुए हैं।
बदमाशों की हुई पहचान
मारे गए बदमाशों की पहचान हिसार निवासी आशीष उर्फ लालू, हिसार के गांव खरड़ निवासी सन्नी खरड़ और सोनीपत के गोहाना के गांव रिंढाना निवासी विक्की के रूप में हुई है।
पुलिस ने रखा था लाखों का इनाम
हिसार में व्यापारियों से मांगी गई फिरौती समेत कई मर्डर व अन्य वारदातों में इनका हाथ है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी पर लाखों रुपए का इनाम रखा था। सभी पर हरियाणा और दिल्ली में लूट, हत्या, फिरौती जैसे करीब 29 केस दर्ज हैं। पुलिस काफी समय से इनकी तलाश कर रही थी।
कौन है हिमांशु उर्फ भाऊ
बदमाश हिमांशु उर्फ भाऊ हरियाणा व दिल्ली के लिए सिरदर्द बना हुआ है। भाऊ पर 2.50 लाख रुपए ईनाम है। उस पर एक लाख रुपए रोहतक, 50 हजार झज्जर, एक लाख रुपए दिल्ली पुलिस ने ईनाम घोषित किया हुआ है। पुलिस के अनुसार भाऊ गैंग में 12 से अधिक गुर्गे हैं। भाऊ पर रोहतक में 10, झज्जर में 7 केस दर्ज हैं।
इसके अलावा उनके गुर्गों पर 30 से अधिक केस दर्ज हैं। रोहतक के गांव रिटोली का हिमांशु 2022 में फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भाग गया था। 2023 में उसके खिलाफ रेड कॉनर्र नोटिस जारी हुआ था। उसकी आखिरी लोकेशन पुर्तगाल में मिली थी। हिंमाशु का नाम देश के टॉप 10 मास्ट वांटेड गैंगस्टर्स की सूची में शामिल है।