ख़बरिस्तान नेटवर्क : शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री जत्थेदार रणधीर सिंह चीमा का मंगलवार को 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से बीमार थे। बता दें कि चीमा लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय हैं और राज्य सरकार में तीन बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। उन्हें विशेष रूप से पंजाब के सड़क मंत्री के रूप में याद किया जाता है। मंत्री अपने विनम्र स्वभाव और सादा जीवन के लिए भी जाने जाते थे।
पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव करीमपुरा में किया जाएगा। बता दें कि चीमा पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के करीबी सहयोगी थे और 1965 से लगातार शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य थे। उनके निधन से अकाली दल को बड़ा झटका लगा है। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सहित वरिष्ठ अकाली नेताओं ने दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदना व्यक्त की है।
विधायक से मंत्री का सफर
रणधीर सिंह चीमा पहले सरहिंद विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। इसी इलाके से जीतने के बाद उन्हें मंत्री का पद मिला। हाल ही में 9 मार्च 2024 को फतेहगढ़ साहिब में चीमा ने SGPC की आंतरिक कमेटी के जत्थेदारों को हटाने के फैसले का विरोध किया था।