खबरिस्तान नेटवर्क। लुधियाना के जगराओं में पंजाब पुलिस और तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से गोलियां चली हैं। पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को सूचना मिली थी कि लुधियाना के जगराओं के गांव गोरसिया में सन्नी सिंह नशे की तस्करी की तैयारी कर रहा है। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, सन्नी सिंह ने दो साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
मुठभेड़ में सन्नी का साथी देविंदर सिंह गोली घायल हो गया। सन्नी के कुछ साथी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। ANTF के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशा माफिया के खिलाफ पंजाब सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।
पुलिस के मुताबिक सन्नी सिंह और उसके साथियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार रखने जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। पुलिस के इस साहसिक अभियान के दौरान कोई जवान हताहत नहीं हुआ। फरार आरोपियों की तलाश तेज, पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।