हरियाणा के फतेहाबाद में शुक्रवार देर रात कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। यहां एक क्रूजर गाड़ी भाखड़ा नहर में जा गिरी। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 लोगों को बचा लिया गया है। जानकारी के अनुसार गांव महमड़ा से एक परिवार के 14 सदस्य पंजाब के जलालाबाद में शादी में शामिल होने गए थे। जिसके लिए उन्होंने एक क्रूजर गाड़ी को किराए पर लिया था। जब शुक्रवार रात को परिवार वहां से लौट रहा था, तभी भारी धुंध के चलते सरदारेवाला के पास क्रूजर गाड़ी भाखड़ा नहर में गिर गई।
हालांकि इस दौरान ड्राइवर जरनैल सिंह गाड़ी से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं, ड्राइवर ने संभलते ही मौके पर शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे लोग जमा हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पुलिस और NDRF को बुलाया गया और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। रात में क्रूजर गाड़ी को निकाल लिया गया था।
ऑपरेशन के दौरान 11 शव बरामद
इस दौरान NDRF ने करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से क्रूजर गाड़ी को निकाल लिया। हालांकि, इसमें कोई व्यक्ति नहीं था। वहीं रात में धुंध और ठंड के करण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन बंद कर दिया। इसके बाद सुबह टीम ने फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान 11 शव बरामद हुए।
4 शव पंजाब में मिले
शनिवार को 7 लोगों के शव सिरसा जिले में मिले। इनमें से 6 शव गांव गदराना के पास कालुआना माइनर में मिले हैं। इनमें चार महिलाएं, एक पुरुष, एक 10 साल की लड़की है। वहीं, गांव कुरंगावाली के पास भी कालुआना माइनर में एक डेडबॉडी मिली है। यह डेडबॉडी करीब डेढ़-दो साल के बच्चे की है। वहीं 4 शव पंजाब में फरीद के हेड में मिले। एक शव रात को ही फतेहाबाद से बरामद कर लिया था।