खबरिस्तान नेटवर्क: अहमदाबाद में मंगलवार को प्लेन क्रैश की घटना के बाद 5 दिन में अहमदबाद से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की लगातार दूसरी फ्लाइट कैंसिल कर दी है। इसके पीछे तकनीकी खामी को कारण बताया गया है। वहीं आज फ्लाइट संख्या AI-159 अहमदाबाद से दोपहर 1:10 बजे लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी लेकिन जानकारी के अनुसार, फ्लाइट के टेकऑफ से कुछ घंटे पहले ही इसमें तकनीकी खराबी का पता चला। इससे पहले सोमवार को भी अहमदाबाद से लंदन की फ्लाइट रद्द कर दी गई थी। आज की फ्लाइट कल के लिए रिशेड्यूल भी कर दी गई है।
नहीं है उचित व्यवस्था
आज की फ्लाइट कैंसिल होने के बाद यात्री ने कहा कि - 'इस तरह से जनता को परेशान मत करो। यहां आने के बाद आप बताते हैं कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। अब 250 लोग क्या करेंगे और कहां रहेंगे। एयरलाइंस की ओर से कोई भी उचित व्यवस्था नहीं है'।
विमानों की कमी के कारण की गई फ्लाइट कैंसिल
एअर इंडिया ने सफाई भी दी है कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक की फ्लाइट AI159 को एयरक्राफ्ट की कमी के चलते रद्द कर दिया गया है, न कि तकनीकी खामी के कारण से। एयर स्पेस प्रतिबंधित होने और अतिरिक्त जांच के चलते एयरक्राफ्ट्स को अपनी डेस्टिनेशन तक पहुंचने में भी ज्यादा समय लग रहा है। एअर इंडिया ने कहा कि आज की फ्लाइट कैंसिल होने से पैसेंजर्स को जो परेशानी हुई है, उसके लिए हमें खेद है। हमने सभी यात्रियों के लिए उड़ान की दूसरी व्यवस्था कर दी है। साथ ही हम उनके होटल में रुकने की व्यवस्था भी कर रहे हैं। यदि कोई यात्री टिकट कैंसिल करना चाहता है तो हम पूरा पैसा रिफंड करेंगे। अगर कोई अपनी फ्लाइट रिशेड्यूल कराना चाहता है, तो हम वो भी करेंगे। इसके साथ एअर इंडिया ने बताया कि लंदन से अहमदाबाद के रास्ते अमृतसर जाने वाली फ्लाइट संख्या AI170 भी आज कैंसिल रहेगी।
एअर इंडिया ने बदला फ्लाइट का नाम
प्लेन क्रैश के बाद एअर इंडिया ने अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट का नंबर बदलने का भी फैसला किया है। अब यह AI-159 होगा। वापसी की उड़ान का भी नंबर बदलकर AI-160 किया जाएगा। पहले इस फ्लाइट का नंबर AI-171 था। इससे पहले 2014 में किसी एयरलाइन ने अपनी उड़ान संख्या बदली थी। मलेशियन एयरलाइंस की कुआलालंपुर से बीजिंग जा रही उड़ान MH370 के लापता हो जाने के बाद, उस रूट की फ्लाइट संख्या को बदलकर MH318 कर दिया गया था।