जालंधर रोड पर भारी बारिश के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक जंडियाला से बाहर जालंधर रोड पर बारिश के दौरान सड़क किनारे गिरे एक पेड़ से उनकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को भारी नुकसान हुआ और दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घायलों की पहचान सुखचैन सिंह और उनकी पत्नी अनिता रानी के रूप में हुई है। सुखचैन सिंह पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। जांच अधिकारी निरंजन दास ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों नूरमहिल से जालंधर जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों को पहले सिविल अस्पताल जालंधर ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।