केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 313 हो गई हैं। 130 लोग अस्पताल में हैं, जबकि 240 से ज्यादा लोग आज भी लापता हैं। वहीं अब तक 4 हजार से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया है। मौसम विभाग ने आज भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म, लाशों को निकालने का काम जारी
लैंडस्लाइड 29 जुलाई की रात को मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांवों में हुई थीं। इसमें घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां बह गईं थीं। वहीं आर्मी के जनरल कमांडर ऑफिसर मेजर जनरल वीटी मैथ्यू ने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। अब केवल शवों को खोजने का काम किया जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने रेस्क्यू टीम को सराहा
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा- इस कठिन समय में हम भारत के साथ हैं। रेस्क्यू में जुटे लोगों की हम सराहना करते हैं। उधर, गुरुवार को वायनाड पहुंचे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आज भी यहां पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।
केरल में 6 साल पहले आई बाढ़ में मारे गए थे 483 लोग
इससे पहले केरल में 2018 में आई प्राकृतिक आपदा में 483 लोगों की मौत हो गई थी। इस आपदा को राज्य की 'सदी की बाढ़' कहा गया था। त्रासदी में ना सिर्फ लोगों की जान गईं, बल्कि संपत्ति और आजीविका भी नष्ट हो गई थी। केंद्र सरकार ने 2018 की बाढ़ को 'डिजास्टर ऑफ सीरियस नेचर' घोषित किया था।