पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार (24 नवंबर) को दोनों जगह मौसम शुष्क रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन के समय आसमान साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है।
वहीं, रात के न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। पंजाब में पठानकोट सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य के करीब है।
28 नवंबर तक 2 से 3 डिग्री गिरेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। 28 नवंबर तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी।
फिलहाल पाला पड़ने की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, अभी पंजाब में पाला पड़ने की संभावना नहीं है। इसके लिए तापमान का करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचना जरूरी होता है।
घने कोहरे को लेकर भी राहत
पंजाब और चंडीगढ़ में फिलहाल घने कोहरे को लेकर कोई नया अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 24 नवंबर को दोनों जगह घने कोहरे की चेतावनी नहीं है। वहीं, चंडीगढ़ के लिए 24 से 28 नवंबर तक जारी पूर्वानुमान में भी कोई मौसम चेतावनी नहीं दी गई है।
वही कश्मीर में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। सोमवार को घाटी के छह शहरों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। शोपियां सबसे ठंडा रहा, जहां पारा माइनस 3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।









