ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब की सियासत में आज एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है। पटियाला के घनौर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक मदनलाल जलालपुर की एक बार फिर कांग्रेस पार्टी में वापसी हो गई है। पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने सोमवार को उनका निलंबन रद्द करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी में बहाल कर दिया। गौरतलब है कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने कार्यकाल के दौरान अनुशासनहीनता के आरोप में जलालपुर को तीन साल के लिए पार्टी से निलंबित किया था।
चन्नी की मुलाकात के बाद बदला सियासी समीकरण
पार्टी की कमान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के हाथों से निकलकर परगट सिंह के पास आते ही सियासी समीकरण तेजी से बदले हैं। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मदनलाल जलालपुर से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस मुलाकात के महज 24 घंटे के भीतर ही सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने जलालपुर का निलंबन वापस लेने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया।
कंबोज के भाजपा में जाने के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटी पार्टी
कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, यह फैसला पार्टी के भीतर चल रहे ‘डैमेज कंट्रोल’ का हिस्सा है। हाल ही में राजपुरा से पूर्व कांग्रेस विधायक हरदयाल सिंह कंबोज ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था। चूंकि मदनलाल जलालपुर और हरदयाल कंबोज आपस में नजदीकी रिश्तेदार हैं, इसलिए पार्टी नेतृत्व को इस बात की आशंका थी कि जलालपुर भी कांग्रेस को अलविदा कह सकते हैं। पटियाला जिले में पार्टी के आधार को टूटने से बचाने के लिए हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व ने समय रहते यह कदम उठाया।
मंगलवार को चंडीगढ़ में तय होंगे उम्मीदवारों के नाम
इस बीच, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने जानकारी दी कि मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रदेश इलेक्शन कमेटी (चुनाव समिति) की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में आगामी चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। जलालपुर की वापसी को इसी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।









