ख़बरिस्तान नेटवर्क : बिहार से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। ट्रेन में दो परिवारों के बीच हुई कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे GRP के दो जवानों के साथ भी हाथापाई की गई। आरोप है कि एक महिला ने अपनी तीन बेटियों और दो युवकों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों से मारपीट की और उनकी वर्दी तक फाड़ दी। मामले में चार महिलाओं सहित छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। वहीं, महिला पक्ष ने भी पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।
सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से जननायक एक्सप्रेस नजीबाबाद के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन में एक महिला सीट पर लेटी हुई थी। इसी दौरान दूसरे परिवार की महिला ने बैठने के लिए उससे सीट मांगी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ट्रेन के भीतर ही दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच मारपीट होने लगी।
बीच-बचाव करने पहुंचे GRP जवानों से भी हाथापाई
ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी कर रहे GRP मुरादाबाद के सिपाही ललित सागर और अजय कुमार विवाद शांत कराने पहुंचे। उन्होंने गोद में बच्चा लेकर खड़ी महिला को बैठने के लिए जगह देने को कहा। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर महिला ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने अपनी तीन बेटियों और दो युवकों के साथ मिलकर दोनों सिपाहियों से हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी गई। चलती ट्रेन में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
चार घंटे की देरी से पहुंची ट्रेन, दो युवक हिरासत में
घटना की सूचना मुरादाबाद कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद नजीबाबाद GRP और RPF की टीम ने ट्रेन के पहुंचने पर कार्रवाई की। ट्रेन करीब चार घंटे की देरी से नजीबाबाद पहुंची, जहां पुलिस ने मारपीट के आरोपी दोनों युवकों को पकड़ लिया। दूसरी तरफ, महिला और उसकी बेटियों ने भी पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। हालांकि, खबर लिखे जाने तक महिला पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी।
रूबी देवी और उसकी तीन बेटियों समेत 6 पर FIR
GRP सिपाही ललित सागर और अजय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें बेतिया, बिहार निवासी रूबी देवी और उसकी बेटियां लक्ष्मी, सुनीता व खुशी शामिल हैं। इसके अलावा समस्तीपुर निवासी पिक्कू कुमार और दरभंगा के बहड़ी निवासी चंदन ठाकुर को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों युवकों को पुलिस अपने साथ मुरादाबाद ले गई, जबकि महिला और उसकी बेटियां दूसरी ट्रेन से रवाना हो गईं।









