जालंधर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, सोमवार से मुख्य गेट पर धरना

जालंधर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती और रोस्टर सिस्टम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन ने अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। फेडरेशन ने ऐलान किया है कि सोमवार से नगर निगम के मुख्य गेट के बाहर धरना लगाया जाएगा।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती और रोस्टर सिस्टम को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन ने अब अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। फेडरेशन ने ऐलान किया है कि सोमवार से नगर निगम के मुख्य गेट के बाहर धरना लगाया जाएगा। कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों को लेकर लिखित आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

1196 पदों पर भर्ती का पत्र जारी, 8 महीने बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं
सन्नी सहोता ने बताया कि करीब 8 महीने पहले नगर निगम में 1196 पदों पर भर्ती करने के लिए प्रशासन की ओर से पत्र जारी किया गया था। इसके बाद उम्मीदवारों ने भर्ती के लिए आवेदन और अपनी फाइलें जमा करवाई थीं। उन्होंने बताया कि आवेदन के दौरान एससी वर्ग के उम्मीदवारों से 112 रुपये और जनरल कैटेगरी के आवेदकों से 300 रुपये फीस वसूली गई थी।

फेडरेशन का दावा है कि आवेदन फीस के रूप में करोड़ों रुपये एकत्रित किए गए, लेकिन इतने महीने बीतने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। संगठन ने मांग की है कि सफाई सेवकों और सीवरमैन के पदों पर भर्ती के दौरान रोस्टर सिस्टम लागू न किया जाए।

सफाई सेवक और सीवरमैन के पदों को रोस्टर से बाहर रखने की मांग
फेडरेशन के जनरल सेक्रेटरी का कहना है कि सफाई और सीवर से जुड़े काम वाल्मीकि समाज के लोग पीढ़ियों से करते आ रहे हैं। संगठन किसी दूसरे समाज के उम्मीदवारों को नौकरी मिलने का विरोध नहीं कर रहा, लेकिन उसकी मांग है कि सफाई सेवकों और सीवरमैन की भर्ती को रोस्टर सिस्टम से अलग रखा जाए। दूसरे शहरों में भर्ती होने के बाद कुछ कर्मचारी अपनी पहुंच का इस्तेमाल करके फील्ड में काम करने के बजाय दफ्तरों में बैठ जाते हैं। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। फेडरेशन ने इस व्यवस्था में बदलाव की मांग उठाई है।

प्रकाश पर्व के चलते एक दिन के लिए रोकी हड़ताल
सन्नी सहोता ने बताया कि कर्मचारियों ने 18 तारीख से हड़ताल शुरू कर दी थी, लेकिन श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को देखते हुए एक दिन के लिए राहत देने का फैसला किया गया। इस दौरान शहर के सभी गुरुद्वारा साहिब के आसपास सफाई करवाने के लिए सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए, ताकि प्रकाश पर्व पर आने वाली संगत को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। धार्मिक आयोजन को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, लेकिन मांगों को लेकर फेडरेशन का संघर्ष जारी रहेगा।

मंत्री और मेयर के पुतले फूंकने का ऐलान
फेडरेशन ने विरोध प्रदर्शन को और तेज करने की चेतावनी दी है। सन्नी सहोता के मुताबिक, सोमवार को कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत का पुतला फूंककर प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इसके बाद मंगलवार को नॉर्थ हलके में भगत सिंह चौक पर मेयर का पुतला जलाया जाएगा। संगठन ने अन्य विधानसभा हलकों में जाकर संबंधित हलका इंचार्जों के पुतले फूंकने की भी घोषणा की है। कांग्रेस के प्रदेश प्रधान परगट सिंह ने सोमवार को धरने में शामिल होने की बात कही है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान की कोठी घेरने की भी चेतावनी
सन्नी सहोता ने बताया कि मेयर और हलका इंचार्ज फेडरेशन के प्रतिनिधियों से बातचीत करने पहुंचे थे, लेकिन संगठन ने अब किसी भी तरह के मौखिक आश्वासन को मानने से इनकार कर दिया है। फेडरेशन की मांग है कि नगर निगम कमिश्नर और संबंधित अधिकारी लिखित आदेश लेकर आएं। अगर मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जिस दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान जालंधर आएंगे, उस दिन उनकी कोठी का घेराव भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *