पानी की बोतल खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। देश की जानी-मानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दे दी है। दरअसल, कंपनी के पानी का एक सैंपल जांच में असुरक्षित पाया गया है।
FSSAI के मुताबिक, यह सैंपल बिसलेरी के कैंपस से लिया गया था। जांच के दौरान पानी में तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट पाया गया। इसके बाद फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया।
कंपनी ने इस रिपोर्ट के खिलाफ अपील की थी, जिसके बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां भी जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स यानी PAHs की मौजूदगी सामने आई और सैंपल को असुरक्षित बताया गया।
आखिर क्या हैं ये दोनों केमिकल?
ब्रोमेट एक ऐसा केमिकल है, जो पानी को साफ करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। इसकी तय सीमा से ज्यादा मात्रा सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसे संभावित कैंसरकारी भी माना जाता है।
वहीं, PAHs यानी पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स कई तरह के केमिकल का समूह है। ये पेट्रोल, डीजल, कोयला और प्लास्टिक जैसी चीजों के जलने या औद्योगिक प्रदूषण से बन सकते हैं। इनके कुछ प्रकार लंबे समय तक संपर्क में रहने पर कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं।
आम लोगों को क्या सावधानी रखनी चाहिए?
इस कार्रवाई का मतलब यह नहीं है कि बाजार में बिकने वाली बिसलेरी की हर बोतल असुरक्षित है। फिलहाल यह मामला जांच में मिले एक सैंपल से जुड़ा है। ऐसे में पानी की बोतल खरीदते समय उसकी सील, FSSAI लाइसेंस नंबर, ISI मार्क, एक्सपायरी और बैच नंबर जरूर चेक करें।अगर पानी के रंग, स्वाद या गंध में कोई बदलाव महसूस हो तो उसे पीने से बचें और संबंधित विभाग या कंपनी को शिकायत करें।









