ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर नगर निगम में पिछले कई दिनों से भर्ती और स्टाफिंग समेत 15 प्रमुख मांगों को लेकर चल रहा कर्मचारियों का धरना आखिरकार खत्म हो गया है। निगम यूनियन के एक धड़े द्वारा 19 तारीख से प्रशासन के खिलाफ हड़ताल की जा रही थी। अब मेयर विनीत धीर के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया है। एससी कमिशन के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि निगम प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों को लिखित रूप में पूरा करने का भरोसा दिया है।
मेयर और कमिश्नर ने दिया मांगें पूरी करने का आश्वासन
चंदन ग्रेवाल ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर मेयर विनीत धीर के साथ बैठक की गई थी। इस दौरान निगम प्रशासन की ओर से भरोसा दिया गया कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को जल्द हल किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये मांगें पंजाब सरकार के स्तर की नहीं, बल्कि नगर निगम की स्थानीय व्यवस्था और प्रशासन से संबंधित थीं। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए मेयर और नगर निगम कमिश्नर ने सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके बाद
कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला किया।
1196 कर्मचारियों को पक्का करने की फाइल पास
ग्रेवाल ने बताया कि नगर निगम में काम कर रहे 1196 कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया को लेकर फाइल पास हो चुकी है। इस संबंध में मेयर विनीत धीर के साथ हुई बैठक में भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान मेयर ने कर्मचारियों को संबंधित पत्र दिखाए। इसके अलावा 16 कर्मचारियों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी किए जाने की बात भी कही गई है। वहीं, कर्मचारियों को नियमित करने के लिए संबंधित पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
कर्मचारियों की सैलरी और ग्रेच्युटी को लेकर भी राहत
चंदन ग्रेवाल ने बताया कि कर्मचारियों की सैलरी में भी बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही वर्ष 2004 के बाद से ग्रेच्युटी का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया था। अब पंजाब सरकार की ओर से इस संबंध में पत्र जारी कर कर्मचारियों की मांग को मंजूरी दी गई है। कर्मचारियों को इसके तहत पत्र भी मिलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित कर्मचारियों की मांगों पर अब कार्रवाई हो रही है।
रोस्टर सिस्टम को खत्म करने की मांग पर क्या बोले ग्रेवाल?
रोस्टर सिस्टम के मुद्दे पर चंदन ग्रेवाल ने कहा कि इसे पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता, लेकिन कर्मचारियों को इसमें राहत जरूर मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जाने चाहिए।
गुरुपर्व पर सफाई रखने वाले कर्मचारियों का जताया आभार
चंदन ग्रेवाल ने बताया कि हड़ताल के दौरान भी कर्मचारियों ने सतगुरु गुरु नानक देव जी के पर्व के अवसर पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दिया था। इसके लिए उन्होंने कर्मचारियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों की मांगों पर प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है।









